रश्मिका मंदाना की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘Mysaa’ का टीजर रिलीज हो गया है। एक्शन से भरपूर इस फिल्म में रश्मिका बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं। टीजर में वह ग्लैमरस अवतार के बजाय एक दमदार किरदार में दुश्मनों से भिड़ती दिखाई देती हैं। फिल्म की झलक सामने आने के बाद फैंस के बीच इसे लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
‘Mysaa’ के टीजर की शुरुआत रश्मिका के किरदार से होती है। वह कहती हैं, “मैं थक चुकी हूं। मैं रुकना चाहती हूं। मैं खो चुकी हूं।” इसके बाद कहानी में उनके किरदार का एक अलग रूप सामने आता है, जहां वह मुश्किलों के आगे झुकने के बजाय उनका सामना करने का फैसला करती हैं।
गोंड आदिवासी महिला के किरदार में रश्मिका
फिल्म में रश्मिका मंदाना ने गोंड आदिवासी महिला का किरदार निभाया है। यह भूमिका उनके अब तक दिखे किरदारों से काफी अलग नजर आ रही है। टीजर में उन्हें किसी ग्लैमरस रोल के बजाय संघर्ष और एक्शन से जुड़े किरदार में दिखाया गया है।
मेकर्स के मुताबिक, इस भूमिका के लिए रश्मिका ने काफी मेहनत की है। फिल्म की शूटिंग के दौरान वह बुरी तरह घायल भी हो गई थीं। हालांकि, टीजर में उनका किरदार पूरी तरह एक्शन के लिए तैयार नजर आता है।
हाथ में दरांती, पानी में भी एक्शन
‘मैसा’ के टीजर में रश्मिका के हाथ में दरांती दिखाई देती है। वह दुश्मनों पर हमला करती नजर आती हैं और कई एक्शन सीक्वेंस में सीधे मुकाबला करती दिख रही हैं। कुछ दृश्यों में उनका किरदार पानी के बीच भी लड़ता नजर आता है।
फिल्म की कहानी रश्मिका के किरदार के अपने पिता को तलाशने के इर्द-गिर्द घूमती है। टीजर में इस तलाश की झलक के साथ उनके संघर्ष और एक्शन को प्रमुखता से दिखाया गया है।
कई भाषाओं में रिलीज होगी ‘Mysaa’
‘मैसा’ को हिंदी के साथ मलयालम, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की रिलीज डेट 27 नवंबर तय की गई है।
फिल्म का टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। कुछ दर्शकों ने रश्मिका के नए अवतार और एक्शन की तारीफ की। एक यूजर ने कहा कि पहली बार किसी फीमेल एक्टर को ग्लैमर के बजाय एक्टिंग के लिए इस तरह कास्ट किया गया है। वहीं अन्य दर्शकों ने रश्मिका के लुक, कहानी और एक्शन सीन्स को पसंद किया।
रश्मिका का बदला हुआ अंदाज
रश्मिका मंदाना को अब तक कई अलग-अलग तरह के किरदारों में देखा गया है, लेकिन ‘Mysaa’ में उनका एक्शन अवतार खास तौर पर अलग नजर आ रहा है। टीजर में उनका किरदार मजबूत और संघर्ष करने वाली महिला के रूप में दिखाई देता है।
यह भी पढ़ें: वाघ बकरी टी ग्रुप के चेयरमैन पीयूषभाई देसाई का निधन
वर्क फ्रंट की बात करें तो रश्मिका की हालिया रिलीज फिल्म ‘कॉकटेल 2’ थी। इस फिल्म में उनके साथ शाहिद कपूर और कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में थे। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी।
अब रश्मिका के फैंस की नजर ‘मैसा’ पर है, जिसमें एक्ट्रेस पहली बार इस तरह के एक्शन अवतार में दिखाई देंगी।