Wayanad Lok Sabha seat bypoll: प्रियंका गांधी की चुनावी राजनीति शुरू, वायनाड से लोकसभा उपचुनाव लड़ेंगी

Wayanad Lok Sabha seat bypoll: प्रियंका गांधी की चुनावी राजनीति शुरू, वायनाड से लोकसभा उपचुनाव लड़ेंगी

Wayanad Lok Sabha seat bypoll: राहुल गांधी के वायनाड से जाने के बाद यह लगातार कहा जा रहा था कि अब कांग्रेस यहां से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाएगी। 15 अक्टूबर को ये अटकलें सही साबित हुईं।

Wayanad Lok Sabha seat bypoll: प्रियंका गांधी की चुनावी राजनीति शुरू, वायनाड से लोकसभा उपचुनाव लड़ेंगी

Wayanad Lok Sabha seat bypoll: वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर को उपचुनाव होना है। 15 अक्टूबर को चुनाव आयोग की इस घोषणा के बाद कांग्रेस ने प्रियंका गांधी वाड्रा को वायनाड सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया। यह प्रियंका का चुनावी डेब्यू होगा। इसके साथ ही पार्टी ने केरल की पलक्कड़ और चेलक्कारा विधानसभा सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली के साथ-साथ वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा था। प्रियंका गांधी ने अपने भाई राहुल के लिए वायनाड सीट पर प्रचार किया था। राहुल ने दोनों सीटों पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी। राहुल ने इस सीट पर 3 लाख 64 हजार वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी, जबकि 2019 में उन्होंने रिकॉर्ड 4 लाख 31 हजार 770 वोटों से जीत दर्ज की थी।

राहुल के वायनाड से जाने के बाद लगातार यह कहा जा रहा था कि कांग्रेस यहां से प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाएगी। 15 अक्टूबर को ये अटकलें सही साबित हुईं। X (पूर्व में ट्विटर) पर पार्टी ने आधिकारिक रूप से प्रियंका के नाम की घोषणा की, और बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उनके नाम पर मुहर लगाई है।

इसके साथ ही कांग्रेस ने केरल की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। पलक्कड़ विधानसभा सीट से राहुल ममकूटाथिल और चेलक्कारा सीट से राम्या हरिदास को पार्टी ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

चुनाव आयोग (ECI) ने 15 अक्टूबर को घोषणा की कि केरल की वायनाड लोकसभा सीट और 14 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को कराए जाएंगे। उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव 20 नवंबर को होंगे। इन चुनावों के परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

खरगे ने जून में प्रियंका को लेकर घोषणा की थी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जून में कहा था कि राहुल गांधी गांधी परिवार की पारंपरिक सीट रायबरेली को बरकरार रखेंगे और अपनी वायनाड सीट छोड़ देंगे। उन्होंने यह भी बताया था कि पार्टी इस सीट से प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाएगी। इसके बाद प्रियंका ने कहा था,

“मैं वायनाड का प्रतिनिधित्व करने के लिए बहुत उत्साहित हूं और राहुल गांधी की अनुपस्थिति यहां महसूस नहीं होने दूंगी। मैं कड़ी मेहनत करूंगी और सभी को खुश करने की पूरी कोशिश करूंगी। रायबरेली और अमेठी से मेरा पुराना नाता है, जो टूट नहीं सकता। मैं रायबरेली में भी अपने भाई की मदद करूंगी। हम दोनों रायबरेली और वायनाड में साथ रहेंगे।”

प्रियंका की जीत को लेकर विश्वास जताते हुए राहुल गांधी ने कहा था,

“प्रियंका गांधी चुनाव लड़ने जा रही हैं, और मुझे पूरा विश्वास है कि वह जीतेंगी। वायनाड के लोग मान सकते हैं कि उनके पास संसद के दो सदस्य हैं, एक मेरी बहन और दूसरा मैं। वायनाड के लोगों के लिए मेरे दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। मैं वायनाड के हर एक व्यक्ति से प्यार करता हूं।”

अगर प्रियंका गांधी इस सीट पर जीतती हैं, तो मौजूदा संसद में गांधी परिवार से तीसरी सांसद होंगी।

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव

चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर को महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की तारीखों की भी घोषणा की। महाराष्ट्र में एक चरण और झारखंड में दो चरणों में चुनाव होंगे। महाराष्ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं, झारखंड में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। झारखंड में 81 विधानसभा सीटें हैं। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जबकि झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त होगा।