दिल्ली में म्यूज़िशियन चोंगथम विक्रम सिंह की मौत के बाद नॉर्थ ईस्ट के लोगों में नाराजगी है। सैकड़ों लोग न्याय की मांग को लेकर सनलाइट कॉलोनी थाने के बाहर जुटे और कैंडल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि उन्हें उनकी पहचान के आधार पर लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
घर के बाहर शराब पीने और शोर करने का विरोध पड़ा भारी
मिली जानकारी के मुताबिक, मणिपुर के रहने वाले चोंगथम विक्रम सिंह दिल्ली के किलोकरी गांव में अपनी पत्नी और बेटे के साथ रहते थे। बताया गया है कि उनके घर के बाहर कुछ युवक शराब पी रहे थे और शोर कर रहे थे। विक्रम सिंह ने इसका विरोध किया।
आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उन्हें पहले घर के बाहर सड़क पर पीटा। जान बचाने के लिए जब विक्रम सिंह अपने तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट में पहुंचे, तो आरोपी वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि युवकों ने घर में घुसकर उनके साथ दोबारा मारपीट की। कुछ घंटों बाद अस्पताल में चोंगथम विक्रम सिंह ने दम तोड़ दिया।
चोंगथम विक्रम सिंह की मौत के बाद बड़ी संख्या में जुटे नॉर्थ ईस्ट के लोग
विक्रम सिंह की मौत की खबर सामने आने के बाद नॉर्थ ईस्ट के लोगों में गुस्सा बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग सनलाइट कॉलोनी थाने पहुंचे और मामले में न्याय की मांग की।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़-मोहाली बॉर्डर पर किसानों का धरना खत्म, पंजाब सरकार ने मांगों पर दी लिखित सहमति
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सवाल उठाया कि अगर वे भी भारत के नागरिक हैं तो उनके साथ अलग व्यवहार क्यों किया जा रहा है। उनका कहना है कि नॉर्थ ईस्ट के लोगों को उनकी पहचान के आधार पर निशाना बनाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। सभी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
कैंडल मार्च निकालकर जताया विरोध
चोंगथम विक्रम सिंह की मौत के विरोध में नॉर्थ ईस्ट के लोगों ने बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान लोगों ने न्याय की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
विक्रम सिंह मणिपुर के वेस्टर्न म्यूजिक सीन में जाना-पहचाना नाम थे। उन्होंने कई बैंड के साथ गिटार बजाया था। वह मशहूर मणिपुरी गायिका चोंगथम कमला के बेटे भी थे। उनकी मौत के बाद दिल्ली में रहने वाले नॉर्थ ईस्ट के लोगों के बीच घटना को लेकर गुस्सा और नाराजगी देखने को मिल रही है।